उज्जैन में पाड़ों की लड़ाई में 8 वर्षीय बच्चे की मौत, पिता के सामने हुआ हादसा
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Bank_of_Shipra_with_Devotees,_Ram_Ghat_,_Ujjain_on_a_Bright_Sunny_day.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Suryansharma / विकिमीडिया कॉमन्स, CC0</a>
उज्जैन के देवास रोड स्थित हामूखेड़ी में छोटी दीपावली के मौके पर आयोजित पाड़ों की लड़ाई देखने पहुंचे 8 वर्षीय युवराज की बेकाबू पाड़े की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी की है, जहां एक खेत में पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया था।
दोपहर करीब 2 बजे टैक्सी चालक आकाश दायमा अपने 8 वर्षीय इकलौते बेटे युवराज के साथ यह आयोजन देखने पहुंचे थे। दोनों भीड़ के बीच एक किनारे खड़े थे, और युवराज बैठकर पोहे खा रहा था। इसी दौरान आपस में लड़ रहे दो पाड़े अचानक बेकाबू होकर भीड़ की तरफ दौड़ पड़े, और एक भारी-भरकम पाड़ा सीधे युवराज की छाती पर चढ़ गया।
पिता ने बेटे को बचाने की कोशिश की और मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से युवराज को किसी तरह बाहर निकाला गया। उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवराज तीसरी कक्षा में पढ़ता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। त्योहार के मौके पर हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं, और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, इस लड़ाई में शामिल पाड़े यादव परिवार के बताए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह के घातक आयोजनों पर रोक के बावजूद इनका आयोजन किया जाता है, और करीब 3-4 साल पहले भी इसी तरह के आयोजन के दौरान पुलिस पर पथराव की घटना हो चुकी है। फिलहाल नागझिरी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Suryansharma / विकिमीडिया कॉमन्स, CC0
