मध्यप्रदेश मंडप का आईआईटीएफ-2026 में शुभारंभ, उद्योग और संस्कृति की झलक

0

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 में मध्यप्रदेश मंडप का शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम (एमपीएलयूएन) के अध्यक्ष सत्येन्द्र भूषण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। मेले की थीम 'विकास और विरासत' के अनुरूप मंडप को विशेष रूप दिया गया है।

मंडप में प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, एमएसएमई क्षेत्र और स्टार्टअप की उपलब्धियां प्रदर्शित की गई हैं। निवेश संभावनाओं और भौगोलिक संकेत (जीआई टैग) प्राप्त उत्पादों को भी स्थान दिया गया है। एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) की उपलब्धियां भी मंडप का हिस्सा हैं।

जरी-जरदोजी, गोंड पेंटिंग, ढोकरा कला और लौह शिल्प का सजीव प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र है। महाकाल लोक की स्थापत्य शैली से प्रेरित प्रवेश द्वार मंडप को विशिष्ट पहचान देता है। खजुराहो, सांची और ग्वालियर किला जैसे ऐतिहासिक स्थलों की झलक भी यहां दिखाई गई है।

मध्यप्रदेश दिवस पर भारत मंडपम परिसर के एम्फीथिएटर-1 में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बुंदेली लोक संगीत और भील जनजाति के पारंपरिक भगोरिया लोक नृत्य ने दर्शकों का मन मोहा। ऋषि विश्वकर्मा और उनके समूह ने बुंदेली लोक संगीत प्रस्तुत किया, जबकि कैलाश शिशोदिया और उनके समूह, धार ने भगोरिया नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति दी।

सत्येन्द्र भूषण सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश विरासत के संरक्षण के साथ विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है। इस अवसर पर अपर सचिव कुमार पुरुषोत्तम, एमएसएमई सचिव जॉन किंग्सले और मुख्य कार्यपालन अधिकारी गीतांजलि जे उपस्थित थीं। अतिथियों ने मंडप का भ्रमण कर औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया।

स्रोत: अमर उजाला

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *