शहडोल में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बीट गार्ड का नदी में मिला शव
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Two_Brothers.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Aakashawasthy / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के नगनौड़ी गांव में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पदस्थ बीट गार्ड संतोष कुमार बैगा (34) का शव नदी में मिला है। मृतक नगनौड़ी गांव का निवासी था और चांदसूरा क्षेत्र में बीट गार्ड के पद पर तैनात था। उसका शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में पाया गया।
पुलिस के अनुसार संतोष कुमार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। कार्यालय से परिजनों को उनकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद परिजन उन्हें बांधवगढ़ से अपने घर ले आए थे और इलाज करा रहे थे। बताया गया है कि उनकी मानसिक स्थिति कभी-कभी ठीक नहीं रहती थी और वे अचानक घर से निकल जाते थे।
घटना के दिन भी संतोष अचानक घर से निकल गए थे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। तलाश के दौरान घर से डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में उनका शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान वे पानी में गिर गए होंगे।
सूचना मिलने पर ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Aakashawasthy / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
