भोपाल में 37 किमी क्षेत्र में मिशन क्लीन अभियान, 300 सफाई मित्रों ने की सफाई
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:%27Bhopal_City_from_Upper_Lake%27,_painting_published_in_%27Hayat-i-Qudsi%27_(1918_translation_by_W._S._Davis).jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Unknown / विकिमीडिया कॉमन्स, Public domain</a>
भोपाल नगर निगम की टीम ने शुक्रवार सुबह शहर में मिशन क्लीन अभियान चलाया। इस अभियान के तहत करीब 37 किलोमीटर के दायरे में 21 जोन के 300 सफाई मित्रों ने एक साथ सफाई की। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार स्वयं मैदान में उतरे और उन्होंने एयरपोर्ट से सतगढ़ी तक सफाई अभियान का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान रेतघाट से लालघाटी (वीआईपी रोड) और एयरपोर्ट रोड से कालीबाड़ी तक भी सफाई की गई। इस कार्य में 15 वाटर फॉगर, 10 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन और 10 इलेक्ट्रिक रोड स्वीपिंग मशीनों का उपयोग किया गया। वीआईपी रोड सहित प्रमुख मार्गों पर मशीनों से पानी का छिड़काव भी कराया गया।
निगम आयुक्त ने बताया कि शहर के विभिन्न मार्गों पर लगाए गए पौधों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई पौधा सूख गया है तो उसकी जगह दूसरा पौधा लगाया जाएगा। साथ ही पौधों की देखरेख और निगरानी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
उपायुक्त चंचलेश गिरहरे ने बताया कि सभी एएचओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि अभियान के दौरान निर्धारित रूट पर कहीं भी धूल और गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए। जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें दूर करने के लिए टीमों से फीडबैक लिया जा रहा है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Unknown / विकिमीडिया कॉमन्स, Public domain
