भोपाल में अंतरराज्यीय महिला एक्सटॉर्शन रैकेट का पर्दाफाश, 8 राज्यों में सक्रिय था नेटवर्क

0
भोपाल में अंतरराज्यीय महिला एक्सटॉर्शन रैकेट का पर्दाफाश, 8 राज्यों में सक्रिय था नेटवर्क

<a href="https://commons.wikimedia.org/w/index.php?curid=7756224" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Raveesh Vyas / wikimedia, CC BY-SA 2.0</a>

भोपाल में पकड़े गए अंतरराज्यीय महिला एक्सटॉर्शन रैकेट में शामिल महिलाओं को उनकी भाषा के आधार पर अलग-अलग राज्यों के टारगेट सौंपे जाते थे। कॉल सेंटर में काम करने वाली महिलाओं को जिस भाषा में बातचीत करने में आसानी होती थी, उन्हें उसी भाषा वाले राज्य के सरपंचों और ग्राम सेवकों से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी जाती थी। इसी रणनीति के जरिए नेटवर्क 8 राज्यों में सक्रिय था।

पुलिस पूछताछ में यह खुलासा सूर्यवंशी सिस्टर्स मोनिका और नेहा ने किया है। दोनों बहनें 21 नवंबर तक नागपुर ग्रामीण पुलिस की रिमांड पर थीं और रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। नागपुर ग्रामीण पुलिस की जांच में सामने आया कि भोपाल में तीन जगहों पर चल रहे कॉल सेंटर में महिलाओं की टीम काम कर रही थी।

हर्षवर्धन नगर में 27, निशातपुरा में चार और एमपी नगर में चार महिलाएं मिली थीं। इनमें से कई महिलाएं मराठी, हिंदी और अन्य भाषाओं में बातचीत करने में सक्षम थीं। पुलिस के मुताबिक, इन्हें सरकारी महापंचायत पोर्टल से जुटाए गए पंचायत प्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर और दूसरी जानकारियां उपलब्ध कराई जाती थीं।

नागपुर ग्रामीण पुलिस ने टीटी नगर में मंगलवार को एक दैनिक अखबार के दफ्तर पर छापेमारी की थी। पुलिस को वसूली गैंग के तीन ठिकानों पर 35 लड़कियां मिली थीं। नागपुर ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को चार युवतियों को कोर्ट में पेश किया। आरोपियों की कार्यप्रणाली में भाषा महत्वपूर्ण हिस्सा थी।

महिलाओं को महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क करना होता था। स्थानीय भाषा में बातचीत करने से सामने वाले को भरोसे में लेना आसान होता था। इसके बाद खुद को मीडिया प्रतिनिधि बताकर विज्ञापन के नाम पर रकम मांगी जाती थी। आरोप है कि सरपंचों और ग्राम सेवकों से स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसरों पर बधाई संदेश के विज्ञापन प्रकाशित कराने के नाम पर पैसे मांगे जाते थे। भुगतान नहीं करने पर पंचायत में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर बदनाम करने वाली खबर प्रकाशित करने की धमकी दी जाती थी।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: Raveesh Vyas / wikimedia, CC BY-SA 2.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों