भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला प्रहरी से रेप का केस दर्ज
प्रतीकात्मक चित्र: Unknown author Unknown author / विकिमीडिया कॉमन्स, Public domain
भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर मग्नू सिंह मरावी के खिलाफ 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने रेप और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शुक्रवार रात ड्यूटी के दौरान जेलर ने उन्हें जबरन वॉशरूम में ले जाकर रेप किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जेलर को हिरासत में लिया है, जबकि जेलर ने वारदात को अंजाम देने से इनकार किया है।
एसआई प्रभावती शर्मा के मुताबिक, महिला प्रहरी ने देर रात गांधी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह जेल परिसर में गश्त कर रही थीं, तभी उनकी मुलाकात जेलर मग्नू सिंह मरावी से हुई। आरोप है कि जेलर ने उनसे अश्लील बातें शुरू कीं और फिर जबरन वॉशरूम में ले जाकर रेप किया तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद महिला प्रहरी ने ब्लड प्रेशर बढ़ने का हवाला देकर ड्यूटी से घर जाने की अनुमति ली और जेल परिसर से निकलकर सीधे थाने पहुंचीं। पुलिस ने उनके विस्तृत बयान दर्ज किए हैं और बयानों की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। शिकायत के बाद महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पुलिस टीम ने सेंट्रल जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है और जेल प्रबंधन से ड्यूटी चार्ट मांगा गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। टीआई सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक, घटना के समय आसपास अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर थे, लेकिन फिलहाल किसी ने वारदात की पुष्टि नहीं की है और सभी के विस्तृत बयान दर्ज नहीं हो सके हैं।
जेलर मग्नू सिंह मरावी भोपाल आने से पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक रह चुके हैं और अगस्त 2024 से भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि महिला प्रहरी ने 2017 में भी जेल के एक अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Unknown author Unknown author / विकिमीडिया कॉमन्स, Public domain
