इंदौर: फूटीकोठी से सब्जी मंडी हटाई, विक्रेताओं ने किया विरोध
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Rajasthani_folk_culture_performed_in_a_different_state,_that_is_Madhya_Pradesh.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Yashvardhan vaze / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर वर्षों से लग रही सब्जी मंडी को शनिवार को नगर निगम की रिमूवल गैंग ने हटा दिया। कार्रवाई के दौरान सब्जी विक्रेताओं ने जमकर विरोध किया और सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। वे ठेले और तख्त हटाने का विरोध कर रहे थे।
विरोध के दौरान एक महिला ने नगर निगम के वाहन की चाबी निकाल ली। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल की मदद से निगम की टीम ने कार्रवाई पूरी कर ली। मंडी हटने के बाद फूटी कोठी की सर्विस रोड चौड़ी नजर आने लगी।
नगर निगम ने शाम के समय इस मार्ग पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए सब्जी विक्रेताओं को यहां ठेले नहीं लगाने का अल्टीमेटम दिया था। सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष सोनाली मिमरोट भी मौके पर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने उन्हें एक तरफ कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि जिस स्थान पर वर्षों से मंडी लग रही थी, वहां पहले कोई समस्या नहीं थी। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसके दबाव में मंडी हटा रहे हैं और विक्रेताओं को कोई वैकल्पिक स्थान भी नहीं दिया गया है। उन्होंने ब्रिज के नीचे बने बोगदों में विक्रेताओं को जगह देने की मांग की।
सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि पहले फूटी कोठी चौराहे पर मंडी लगती थी, वहां से हटाए जाने के बाद उन्होंने सर्विस रोड के किनारे दुकानें लगाना शुरू किया था। अब यहां से भी उन्हें हटाया जा रहा है, जबकि इस जगह उनकी ग्राहकी जम चुकी थी। विक्रेताओं का दावा है कि उनकी दुकानें सड़क के किनारे लगती थीं और इससे यातायात में कोई बाधा नहीं होती थी।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Yashvardhan vaze / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
