सागर में दो शिकारी गिरफ्तार, दो फरार; काली एक्सयूवी जब्त
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Skya_Sagar_Sailing_Club.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Amit Sen / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
मध्य प्रदेश के सागर जिले में उत्तर वन मंडल के खुरई वन परिक्षेत्र के ग्राम घोरट के जंगल में वन विभाग की टीम ने शिकार की कोशिश नाकाम करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रात्रि गश्त के दौरान वन अमले ने घेराबंदी कर बिना नंबर प्लेट की काली महिंद्रा एक्सयूवी कार के साथ दोनों को दबोचा, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
खुरई रेंजर चंद्रभूषण सिंह ठाकुर के अनुसार, वन विभाग जरूवाखेड़ा की टीम रविवार, 22 नवंबर की तड़के करीब 4:21 बजे बीट बलोप 'ब' के वनकक्ष क्रमांक पीएफ-22 में नियमित रात्रि गश्त पर थी, तभी संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। सतर्क हुए वन अमले ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर मौके पर मौजूद बिना नंबर की काली महिंद्रा एक्सयूवी को रोका और उसकी सघन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से शिकार में इस्तेमाल होने वाले तीन जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे, एक धारदार शिकारी चाकू, अवैध सागौन की लकड़ी तथा गाड़ी की आगे और पीछे की नंबर प्लेट बरामद हुईं। मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान मालथौन निवासी शिवम लोधी और सेमरा निवासी सत्यम लोधी के रूप में हुई है।
वन विभाग ने दोनों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग की टीम अब फरार हुए दो अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Amit Sen / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
