खंडवा: भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले पार्षद को हाईकोर्ट से राहत, कलेक्टर का आदेश अगली सुनवाई तक रोका
प्रतीकात्मक चित्र: Camaal / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY 3.0
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की छनेरा-हरसूद नगर परिषद में करीब 20 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले पार्षद अर्जुन सिंह राजपूत को हाईकोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने कलेक्टर के उस आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें उनका निर्वाचन शून्य किया गया था। अदालत ने टिप्पणी की कि कलेक्टर के आदेश में ही पार्षद के खिलाफ लगाए गए आरोप साबित नहीं हुए हैं।
मामले की शुरुआत पिछले साल हुई थी, जब वार्ड-10 के पार्षद अर्जुन सिंह ने नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की 10 से ज्यादा शिकायतें की थीं। इसके बाद परिषद में उनकी सदस्यता खत्म करने का प्रस्ताव पारित हुआ। आरोप है कि इसमें अध्यक्ष समर्थक पार्षदों की भूमिका थी।
कलेक्टर के फैसले के खिलाफ पार्षद अर्जुन सिंह राजपूत ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने 17 नवंबर को याचिका पर सुनवाई की। विरोधी पक्ष के वकील ने तर्क दिया कि 15 में से 11 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके आधार पर मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 41(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई।
हालांकि, हाईकोर्ट ने पाया कि अविश्वास प्रस्ताव का संकल्प जिन तीन आरोपों पर आधारित था, वे कलेक्टर के विवादित आदेश में सिद्ध नहीं पाए गए। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक कलेक्टर के आदेश पर रोक लगाते हुए सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किए हैं।
भास्कर की पड़ताल में छनेरा-हरसूद नगर परिषद में कई अनियमितताएं सामने आईं। दिसंबर 2024 में परिषद ने 10 टन फिटकरी 42 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदी, जबकि खिरकिया नगर परिषद ने 12 रुपए और मूंदी नगर परिषद ने 8.5 रुपए प्रति किलो में खरीदा। इसके अलावा, किन्नर महासम्मेलन के लिए बनाए गए 30 अस्थायी शौचालयों के नाम पर परिषद ने 6.23 लाख रुपए का भुगतान दिखाया, जबकि आयोजकों ने 3 लाख रुपए लिए थे। नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने इन आरोपों को खारिज किया है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Camaal / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY 3.0
