मध्य प्रदेश में एक ही लॉगइन से 22 हजार सरकारी सेवाएं उपलब्ध होंगी

0
मध्य प्रदेश में एक ही लॉगइन से 22 हजार सरकारी सेवाएं उपलब्ध होंगी

प्रतीकात्मक चित्र: Vaidik Shrivastava / wordpress, CC0

मध्य प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं, राशन, पेंशन और स्कॉलरशिप जैसी योजनाओं के लिए अब बार-बार फॉर्म भरने और अलग-अलग पोर्टल के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। 'जन परिचय-मेरी पहचान' (नेशनल सिंगल साइन-ऑन) सिस्टम के तहत एक ही लॉग-इन से 22 हजार से ज्यादा सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इस व्यवस्था से अभ्यर्थियों का प्रोफाइल बनते ही प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म खुद-ब-खुद भर जाएंगे और लोगों को बार-बार पासवर्ड याद नहीं रखने पड़ेंगे।

NIC मप्र के स्टेट इन्फॉर्मेशन ऑफिसर सुनील जैन के अनुसार, डिजिटल इंडिया के पहले चरण में सभी सरकारी विभागों की सेवाएं ऑनलाइन की गई थीं, लेकिन नागरिकों को हर पोर्टल पर अलग-अलग रजिस्ट्रेशन करना पड़ता था और कई पासवर्ड याद रखने होते थे। इस परेशानी को दूर करने के लिए 'होल ऑफ गवर्नमेंट अप्रोच' के तहत सिंगल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है। अब नागरिक एक ही अकाउंट से पीडीएस, आवास, मनरेगा, पेंशन और स्कॉलरशिप जैसी सरकारी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।

समग्र पोर्टल, परिवहन विभाग, नगरीय निकाय और पंचायतों से जुड़ी सेवाएं भी इस व्यवस्था से जुड़ेंगी। समग्र आईडी के जरिए केंद्रीय पोर्टल पर भी पहचान प्रमाणित की जा सकेगी। सरकारी टैक्स या फीस जमा करने के लिए भी अलग-अलग लॉगइन की जरूरत नहीं होगी। संबंधित पोर्टल पर जाने पर सत्यापित जानकारी अपने आप उपलब्ध हो सकेगी और आवेदन फॉर्म पहले से भरा हुआ मिलेगा।

पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर प्रदेश के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म पंचायत दर्पण को इससे जोड़ दिया गया है, जिसके जरिए पंचायतों के कामकाज के साथ नागरिक प्रॉपर्टी टैक्स और वॉटर टैक्स भी भरते हैं। भोपाल में आयोजित कार्यशाला के बाद लक्ष्य है कि अगले एक महीने में प्रदेश सरकार के सभी नागरिक-केंद्रित पोर्टल और मोबाइल ऐप को इस व्यवस्था से जोड़ दिया जाए।

इस प्लेटफॉर्म पर साझा होने वाली जानकारियां एन्क्रिप्टेड रहेंगी और भारत सरकार के सुरक्षा मानकों के अनुसार डेटा का आदान-प्रदान होगा। किसी भी विभाग को नागरिक की निजी जानकारी साझा करने से पहले उसकी सहमति लेनी होगी। जन परिचय से देशभर में अब तक 83 करोड़ से ज्यादा नागरिक जुड़ चुके हैं और इस प्लेटफॉर्म पर हर दिन 170 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन हो रहे हैं।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: Vaidik Shrivastava / wordpress, CC0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *