उज्जैन में रेलवे ने हटाया अतिक्रमण, 15 हजार वर्गफीट जमीन मुक्त
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Ujjain_Junction.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Superfast1111 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0</a>
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन के माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार सुबह रेलवे ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास रेलवे की जमीन पर बने एक दर्जन से अधिक मजार, मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और अन्य निर्माणों को 6 जेसीबी मशीनों से ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई से करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन अतिक्रमण मुक्त हुई।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। मौके पर 80 से अधिक आरपीएफ जवानों के साथ जीआरपी और विभिन्न थानों का पुलिस बल तैनात रहा। रेलवे अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे ने मोर्चा संभाला।
रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार और आरपीएफ थाना प्रभारी राजीव उपाध्याय ने बताया कि जमीन रेलवे की है और हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद यह कार्रवाई की गई। पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण नहीं हटाए गए। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई की गई।
वक्फ कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे ने गलत तरीके से मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा, एक दर्जन से अधिक मजारों और मुतवल्ली के मकान को तोड़ा है। नदवी का कहना है कि मामला भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में लंबित है और एक व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर तड़के कार्रवाई की गई। कमेटी ने कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट दायर करने की चेतावनी दी है।
रेलवे पीआरओ के अनुसार, सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए स्टेशन परिसर का विस्तार किया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण कार्यों में बाधा आ रही थी। अब मुक्त कराई गई जमीन पर सिंहस्थ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग और वेटिंग एरिया विकसित किया जाएगा।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Superfast1111 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
